सपा का पीडीए दिखावा, राज्यसभा की एक सीट परिवार व दूसरी धनबल को दी : नीरज सिंह
रायबरेली, 01 अक्टूबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि सपा का पीडीए दिखावा है। राज्यसभा की एक सीट परिवार को और दूसरी धनबल को दी गई। किसी भी पिछड़े, शोषित, दलित व अल्पसंख्यक को मौका नहीं मिला। नीरज सिंह ने रायबरेली में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बातें कहीं।
भाजपा नेता नीरज सिंह ने गुरुवार काे कहा कि पिछली सरकारों में अल्पसंख्यक वर्ग को केवल एक वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मूलमंत्र पर देश में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार आम जन के लिए काम कर रही है। विकास अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। सपा के लोधी बनाम योगी के बयान पर नीरज सिंह ने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने इस समाज से दो मुख्यमंत्री दिए और सभी का सम्मान किया है।
भाजपा के जिला प्रभारी नीरज सिंह ने शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनावी तैयारी की समीक्षा की व कार्यककर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(एवीबीपी) के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इसके पहले पार्टी प्रभारी नीरज सिंह का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। चूरूवा बॉर्डर पर उन्होंने प्रसिद्ध पीपलेश्वर हनुमान मंदिर में पूजन किया। इसके अलावा नीरज सिंह ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, विधायक अशोक कोरी, विधायक अदिति सिंह, पूर्व विधायक रामलाल अकेला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

