विंध्यधाम में दर्शन के बाद सपा सांसद का सियासी प्रहार, बोले-‘देश को लाइन में खड़ा करना बन गई आदत’

WhatsApp Channel Join Now
विंध्यधाम में दर्शन के बाद सपा सांसद का सियासी प्रहार, बोले-‘देश को लाइन में खड़ा करना बन गई आदत’


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने जहां देश की गंगा-जमुनी तहजीब की सराहना की, वहीं केंद्र सरकार पर तीखे राजनीतिक प्रहार भी किए।

सांसद ने कहा कि भारत की पहचान सभी त्योहारों को मिल-जुलकर मनाने की संस्कृति है। एक तरफ रमजान, दूसरी तरफ नवरात्र, ईद और रामनवमी-यही हमारे देश की खूबसूरती है, जहां लोग भाईचारे के साथ रहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देशवासियों को लाइन में खड़ा करना भाजपा की आदत बन गई है। कभी नोटबंदी, कभी कोविड, फिर जीएसटी और अब गैस सिलेंडर—हर जगह आम जनता को लाइन में लगना पड़ रहा है। उन्होंने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों को भी सरकार की “गलत नीतियों” का परिणाम बताया।

विदेश नीति पर भी टिप्पणी करते हुए सांसद ने कहा कि पहले भारत की बात विश्व स्तर पर सुनी जाती थी, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई दोस्ती के चक्कर में देश अपने पुराने सहयोगी खो रहा है और इसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने सरकार पर सामाजिक मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए और जनता से अपील की कि वह जुमलों वाली सरकार को बदलने का मन बनाए। इस मौके पर उनके तीर्थपुरोहित एवं सपा के वरिष्ठ नेता विजय बाबू मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story