बाइक हटाने के विवाद में पुलिस ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष को पीटा, विरोध में सपा नेता पहुंचे कलेक्ट्रेट

WhatsApp Channel Join Now
बाइक हटाने के विवाद में पुलिस ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष को पीटा, विरोध में सपा नेता पहुंचे कलेक्ट्रेट


मीरजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की पुलिस की कार्यशैली को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को पत्रक सौंपा और कार्रवाई की मांग की।

पत्रक में आरोप लगाया गया कि 29 मार्च की शाम करीब छह बजे जीडी बिनानी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित यादव बाजार गए थे। इसी दौरान बाइक हटाने को लेकर कोतवाली कटरा प्रभारी निरीक्षक से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें थाने ले जाकर गाली-गलौज की और बुरी तरह मारपीट की, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोटें आईं।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में 126/135 बीएनएसएस के तहत चालान भी कर दिया। उन्होंने पीड़ित का पुनः मेडिकल परीक्षण कराने और प्रभारी निरीक्षक वैद्यनाथ सिंह व संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री मुन्नी यादव, संदेश यादव, मनीष गुप्ता, सैफ पठान, रोहित समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story