सपा नेता एवं बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी भाजपा में हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
सपा नेता एवं बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी भाजपा में हुए शामिल


लखनऊ, 11 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के नेता एवं बस्ती से पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के समाजवादी पार्टी (सपा) सपा नेता अनिल यादव ने अपने समर्थकों के साथ बुधवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाॅइनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एवं परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाकर भाजपा परिवार में उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसमें कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता के परिश्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान मिलता है। उन्होंने दोनों नेताओं एवं उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते लगभग 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे धरातल पर चरितार्थ किया है। गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने सहित प्रत्येक क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के कार्य हुआ है। भाजपा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने देश की मौजूदा परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ शक्तियां देश के लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित कर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने की कोशिश की जा रही है। क्या देश में तख्तापलट जैसी परिस्थितियां उत्पन्न करने की मंशा है ? ऐसे प्रयासों के प्रति देशवासियों को सजग रहने की आवश्यकता है।

चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। देश के नौजवानों और जागरूक जनता ने अराजकता फैलाने तथा माहौल खराब करने के प्रयासों का मुँहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत या सरकार बनाने का चुनाव नहीं है, बल्कि देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी विषय है। देश को अस्थिर करने वाली शक्तियों के मंसूबों को विफल करना हम सभी का दायित्व है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण में विकास पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए पूर्व सांसद अरविंद चौधरी, सपा नेता अनिल यादव एवं उनके समर्थकों का पुनः अभिनंदन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775260 Articles

Share this story