नरैना हादसे पर सपा प्रतिनिधिमंडल ने जताई संवेदना, सुरक्षा इंतजाम की उठी मांग
मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। ड्रमंडगंज घाटी में 23 अप्रैल को हुए बोलेरो हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं का शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है। सोमवार को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल नरैना गांव पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने परिवार के मुखिया प्रदीप सिंह व अरुण सिंह से मिलकर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह, प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, कीर्ति कोल, सोकिम अहमद समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
परिवार के सदस्यों ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष ड्रमंडगंज घाटी में स्थायी पुलिस बूथ, फायर ब्रिगेड की तैनाती और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग उठाई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

