संविधान-कानून की भावना से नहीं चल रही भाजपा सरकार : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
संविधान-कानून की भावना से नहीं चल रही भाजपा सरकार : अखिलेश यादव


लखनऊ, 07 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर संविधान और कानून की भावना के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान और कानून का पालन सभी के लिए जरूरी है। जो लोग आज कानून नहीं मान रहे हैं, उन्हें कल कानून मानना ही पड़ेगा।

अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने भाजपा पर एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग समाज और किसानों की बेहतरी के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, “खेत मुस्कराएगा तो देश मुस्कराएगा, जो समाज में लाए अच्छाई वो है एआई।” भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर वहां से गाना बनेगा तो यहां से भी गाना बनेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले बड़ी संख्या में लोग सपा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सम्राट अशोक जयंती पर अवकाश घोषित किया जाएगा। साथ ही लखनऊ के रिवरफ्रंट पर बाबू जगदेव कुशवाहा का स्मारक बनाने का काम किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रदेश के माहौल को सांप्रदायिक दिशा में ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के माध्यम से पूरे प्रदेश को “कम्युनल रास्ते” पर ले जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता इस बार ऐसे लोगों का इलाज करने जा रही है। भाजपा सरकार पर गरीबों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आज गरीबों को इलाज नहीं मिल पा रहा है और प्राथमिक विद्यालय बंद किए जा रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि एक प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री का मुख्य क्षेत्र गोरखपुर है लेकिन दोनों जगह नाव चल रही है। उन्होंने कहा कि कोई स्पेन बनाने की बात कर रहा है तो कोई क्योटो बनाने की। अखिलेश ने कहा कि भाजपा “स्क्रिप्टेड काम” करती है और जनता सब देख रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम जातीय जनगणना की भी मांग करते हैं। आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले। आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण रहेगा। हम पीडीए का राज लाकर सामाजिक न्याय की स्थापना करेंगे। अखिलेश ने कहा कि मैं भाजपाइयों से कहूंगा कि मां गंगा बुलाएं तो गंगा एक्सप्रेसवे से मत जाना।

छात्रसभा की नई पहचान होगी नीली ड्रेस

इस दौरान अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्रसभा की नई ड्रेस भी निर्धारित की। अब छात्रसभा के सदस्य नीली शर्ट और नीली पैंट पहनेंगे। पार्टी की ओर से इसे छात्रसभा के सदस्यों की नई पहचान के रूप में लागू किया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि संगठन को मजबूत करने में छात्र और युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। छात्रसभा के कार्यकर्ताओं को पार्टी की गतिविधियों के साथ ही जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों की भागीदारी से सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story