नगर पंचायत संविदा कर्मी का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला
सोनभद्र, 26 मई (हि.स.)। चोपन थाना क्षेत्र स्थित नगर पंचायत डाला में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत एक कर्मचारी का उसके घर के किचन में फांसी के फंदे से लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया।
चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने मंगलवार को बताया की देर रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली की नई बस्ती में एक युवक का शव उसके घर में ही किचन में फांसी के फंदे से लटक रहा है।
सुचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ कर अंदर गयी और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया की मृतक की पहचान नयी बस्ती निवासी 35 वर्षीय गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है। यह नगर पंचायत डाला में संविदा कर्मी के रूप में कार्य कर रहे थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

