सोनभद्र सड़क हादसे में दो लाेग जिंदा जले
सोनभद्र, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर लोहरा पावर हाउस के पास गुरुवार दोपहर टायर फटने की वजह से ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवार को चपेट में लेते हुए डिवाइडर पार कर वाराणसी की तरफ से आ रही ट्रक से भीड़ गई। हादसे के दौरान दोनों ट्रकों में आग लग गई। इस घटना में दो लोग जिंदा जलकर मर गए, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड एम्बुलेंस व पुलिस अधिकारी पहुंच कर राहत कार्य में जुट गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने बताया की वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर दोपहर एक ट्रक राखड़ लादकर वाराणसी की ओर जा रहा था। वह लोहरा पावर हाउस के पास पहुंचा था, तभी टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार को चपेट में लेते हुए डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से भीड़ गया। हादसे के दौरान दोनों ट्रकों में भंयकर आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते पुलिस, फायर ब्रिगेड व एम्बुलेंस तथा अधिकारी पहुंच कर राहत व बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस टीम व फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पर आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के बाद पुलिस टीम ने ट्रक के केबिन में जिंदा जले मीरजापुर निवासी 34 वर्षीय अभय का शव बरामद किया है। घटना के समय खलासी गोलू व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक अज्ञात व्यक्ति की भी जलकर मौत हो गई है। बाइक सवार व्यक्ति की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। दोनों शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

