सोनभद्र : ट्रक कार की भिड़ंत में पति की मौत, पत्नी व पुत्र गंभीर
सोनभद्र, 29 मार्च (हि.स.)। चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर प्रयागराज से अंबिकापुर जा रहे कार सवार परिवार की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई जिससे कार में सवार व्यक्ति की मौत हो गई जबकी उसकी पत्नी व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार शाम चार बजे प्रयागराज से अम्बिकापुर के तरफ जा रही कार की अपनी ही तरफ विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस घटना में कार चला रहे 38 वर्षीय कुनाल पुत्र सत्नानारायण चौधरी निवासी सीमोड़ रांची झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई और कार में सवार उनकी पत्नी 34 वर्षीय नितू देवी व पुत्र 03 वर्षीय वैदिक घायल हो गये। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक चालक द्वारा कार को इतनी तेज टक्कर मारा था कि कार में चालक फंस गया था जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया है। दुर्घटना के बाद आसपास की लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से चोपन सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया।
चोपन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि कार चालक किशोर कुनाल के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। ट्रक को हिरासत में ले लिया गया है, घायल पत्नी नितू और पुत्र वैदिक को चोपन अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद छोड़ दिया गया है। घटना को लेकर अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी

