चलती ट्रेन से उठने लगा धुआं, चुनार स्टेशन पर रोकी गई अमृत भारत एक्सप्रेस

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन से उठने लगा धुआं, चुनार स्टेशन पर रोकी गई अमृत भारत एक्सप्रेस


मीरजापुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में रविवार को अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन के इंजन में ब्रेक बाइंडिंग के कारण पिछले पहिए से धुआं उठने लगा, जिसे देख यात्री अनहोनी की आशंका से सहम गए।

बताया गया कि चुनार पहुंचने से पहले पिरल्लीपुर के पास ट्रेन से धुआं उठता देखा गया। इसकी सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही वॉकी-टॉकी के जरिए चालक को सतर्क किया गया और ट्रेन को चुनार जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर रोक दिया गया, जबकि यहां इस ट्रेन का निर्धारित ठहराव नहीं है।

तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ब्रेक बाइंडिंग की समस्या को दूर किया। इस दौरान ट्रेन करीब 49 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। समस्या ठीक होने के बाद शाम 4:53 बजे ट्रेन को सुरक्षित आगे के लिए रवाना कर दिया गया। अचानक धुआं उठने की घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story