वाराणसी : रामकटोरा में सीवर पाइप लाइन भर जाने से मकानों में दूषित जल ओवरफ्लो
वाराणसी, 30 अगस्त (हि. स.)। वाराणसी के चेतगंज वार्ड में रामकटोरा स्थित गौतम होटल के सामने सीवर पाइप लाइन के भर जाने के कारण दूषित जल का मकानों में ओवरफ्लो हो गया है। रविवार को अमित पाण्डेय के मकान में दूषित जल के कारण परिजन की तबीयत भी बिगड़ गई। वहीं स्थानीय पार्षद श्रवण गुप्ता ने दूषित जल के निस्तारण के लिए जलकल विभाग को सूचना दी है लेकिन बीते 24 घंटे से कोई निष्कर्ष निकल नहीं पाया है।
रामकटोरा निवासी अमित पाण्डेय ने बताया कि उनके मकान में दूषित जल ओवरफ्लो कर रहा है। जिसका कारण बाहर सड़क का सीवर पाइप लाइन पूरी तरह से जाम होना है। दूषित जल के ओवरफ्लो होने के कारण घर के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। जलकल विभाग से दो लोग कल आए थे लेकिन वे बिना समस्या का निदान किए हुए वापस चले गए।
स्थानीय पार्षद श्रवण गुप्ता ने कहा कि सड़क पर सीवर के भर जाने के कारण मकान में दूसरी जल फैल चुका है। इस कारण से मशीन लगाकर सीवर की सफाई करनी पड़ेगी। रक्षाबंधन और शनिवार के बाद रविवार होने के कारण यह कार्य नहीं हो सका है। संभवत सोमवार को जलकल विभाग के कर्मचारी सीवर की सफाई करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

