सीतापुर में शार्ट सर्किट से घर में लगी आग , 10 वर्षीय मासूम की मौत
सीतापुर , 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर में मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के गोपलापुर गांव में रविवार सुबह 7 बजे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया हादसे के दौरान घर में सो रहे 10 वर्षीय कृष्णा पुत्र कमलेश मौर्य की झुलसने से मौत हो गई।
घटना में कृष्णा की 40 वर्षीय मां गौरी और 17 वर्षीय बहन काजल भी गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के रेफर कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मीटर में शॉर्ट सर्किट होने से घर में आग लगी है । इस घटना में घर में सो रहे कृष्णा की मौत हो गई है । घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। तहसील प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन कर शाशन द्वारा निर्देशित अनुदान पीड़ित को तत्काल पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

