एसआईआर में 2003 की व्यवस्था समाप्त, 10 अप्रैल 2026 की मतदाता सूची से होगा मिलान

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर में 2003 की व्यवस्था समाप्त, 10 अप्रैल 2026 की मतदाता सूची से होगा मिलान


सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने दी जानकारी, पात्र मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील

औरैया, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने मंगलवार को आयोजित वार्ता में उक्त अभियान की जानकारी दी। उन्हाेंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और नाम छूटने की स्थिति में उसे जुड़वाने की अपील की।

जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पांच अक्टूबर 2026 से पांच नवंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पांच नवंबर तक नए मतदाता बनाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर लागू व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। अब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल 2026 की मतदाता सूची से दोबारा मिलान करेंगे। इस प्रक्रिया में जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से कट गए हैं, उन्हें नियमानुसार दोबारा शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के पात्र युवा भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर प्रारूप-06 भरना होगा। सपा जिलाध्यक्ष ने मतदाताओं से अपील की कि वे अभियान के दौरान समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में जांच लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

वार्ता के दौरान जिले में चल रहे विधान परिषद के खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इन चुनावों के संचालन के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इस दौरान चुनाव संबंधी गतिविधियों और प्रत्याशियों के समर्थन में किए जा रहे प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस मौके पर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के प्रतिनिधि डॉ. प्रकाशचंद्र गुप्ता, उनके भाई सीपी अग्रवाल, अर्जित कुशवाह, अमरदीप, रामरत दोहरे समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759880 Articles

Share this story