वाराणसी में भाजपा का एसआईआर और मण्डल स्तरीय प्रशिक्षण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में भाजपा का एसआईआर और मण्डल स्तरीय प्रशिक्षण पर जोर


वाराणसी, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब एसआईआर अभियान और मण्डल स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम पर जोर देगी। दोनों ही कार्यक्रमों की देखरेख के लिए गुजरात से पूर्व विधायक जगदीश पटेल ने वाराणसी में डेरा डाल दिया है। शनिवार को भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कार्यालय पर मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारियों की बैठक भी किया।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बैठक में कहा कि काशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है, यहां की हर एक घटना पर भारत की नजर रहती है। हम भाजपा के कार्यकर्ता है और पार्टी हमें जो भी जिम्मेदारी देती है उसका निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ हमें करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर के काम में ऐसा देखने को मिला कि बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस मिली। हमें प्रत्येक बूथ के हर घर पर टोली बनाकर संपर्क करना है। नोटिस पाने वाले व्यक्ति से मिलकर फॉर्म 6 भरवाना है, जिससे संसदीय क्षेत्र में रहने वाले शत प्रतिशत लोग मतदाता बन सके।

उन्होंने कहा कि मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे। पार्टी प्रत्येक वर्ष अपने कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण आयोजित करती है। इस बार मंडल कार्यशाला प्रत्येक मंडल में होनी है। जिसमें मंडल के पदाधिकारी, कार्य समिति सदस्य, उस मंडल में निवास करने वाले महानगर जिला एवं प्रदेश के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यशाला में चार सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश या महानगर की पदाधिकारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story