श्री मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर परिसर में चलाया सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त अभियान
वाराणसी, 03 अगस्त(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में नगर निगम कर्मचारियों ने साेमवार काे सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त महाअभियान के अंतर्गत सिगरा स्थित श्री मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर परिसर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
नगर निगम के कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं एवं फूल-माला विक्रेताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए कपड़े, जूट एवं कागज़ जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, सभी से प्लास्टिक प्रतिबंध संबंधी नियमों का पालन करने और स्वच्छ, हरित एवं प्लास्टिक मुक्त वाराणसी के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
नगर निगम कर्मियों ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी को सावन माह में स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी बनाने के इस जन आंदोलन का हिस्सा बनें। सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त महाअभियान से जुड़कर ईमानदारी से बनाए नियमों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

