मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका माथा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका माथा


मीरजापुर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अमित सिंह ने शनिवार को परिवार सहित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के चरणों में मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।

धाम पहुंचने पर मंदिर प्रशासन एवं तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया तथा उन्हें मां की चुनरी और प्रसाद भेंट किया गया। दर्शन के दौरान अमित सिंह ने गर्भगृह में मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्राप्त कर परिवार के साथ पूजा-अर्चना की।

दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने विंध्यधाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता की सराहना करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी का पावन दरबार देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आने से मन को शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम की आध्यात्मिक गरिमा और धार्मिक परंपराएं इसे देश के प्रमुख शक्तिपीठों में विशिष्ट स्थान प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक नगर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

विशेष सचिव के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और इसके बाद वे परिवार सहित वापस रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story