शिक्षक समाज के आधार स्तंभ, राष्ट्र समाज के प्रति है सबसे ज्यादा जिम्मेदारी - मनीष असीजा
फिरोजाबाद, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद मे ंशिक्षक दिवस पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर भाजपा के सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि आज समाज में शिक्षकों की प्रति सम्मान और निष्ठा काफी बढ़ी है, जिसके लिए शिक्षक स्वयं बधाई के पात्र हैं, साथ ही उन्होंने कहा कि अन्य पेशो और प्रशासनिक पदों के मुकाबले शिक्षकों के पास मां सरस्वती की कृपा से स्वतंत्रता और सम्मानपूर्वक अध्यापन कराने का अनूठा अवसर होता है, शिक्षक और छात्र के बीच का संवाद अनुशासन और स्नेह जीवन के लिए एक अमिट छाप छोड़ता है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षण कार्य केवल एक विषय नहीं है, बल्कि देश और समाज के भविष्य का निर्माण करने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र दायित्व है। मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षक समाज के आधार स्तंभ है, एक वकील अगर गलती करता है, तो उसकी गलतियां फाइलों में दब जाती है, एक इंजीनियर अगर गलती करता है, तो उसकी गलतियां ईंट-पत्थरों में दब जाती हैं, एक डॉक्टर गलती करता है, तो उसकी गलतिया कब्रिस्तान में दब जाती है, परंतु एक शिक्षक की गलती से एक सभ्य समाज और सशक्त राष्ट्र बनाने में कठिनाई आती है, इसलिए शिक्षकों की जिम्मेदारी राष्ट्र समाज के प्रति सबसे ज्यादा है।
इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा के विभिन्न शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार आदि संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

