सुदृढ़ नेतृत्व ने देश व प्रदेश को नई दिशा, नया तेवर और नया कलेवर दिया : योगेन्द्र उपाध्याय
फिरोजाबाद, 15 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व देश निराशा, प्रशासनिक शिथिलता और घोटालों के दौर में से गुजर रहा था। 2014 के बाद मिले सुदृढ़ नेतृत्व ने देश व प्रदेश को नई दिशा, नया तेवर और नया कलेवर दिया है। कभी 11वें और 12वें स्थान पर रहने वाली भारतीय अर्थव्यवस्था आज विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय शनिवार को फिरोजाबाद में थे। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन प्रांगण में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं ब्लाक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया। साथ ही देश की आजादी और रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले मां भारती के वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि उन अमर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करने का दिन है, जिनके अदम्य साहस, त्याग और संघर्ष की बदौलत आज हम एक स्वतंत्र राष्ट्र के नागरिक के रूप में स्वाभिमान से जी रहे हैं। वर्ष 2014 से पूर्व देश निराशा, प्रशासनिक शिथिलता और घोटालों के दौर में से गुजर रहा था। 2014 के बाद मिले सुदृढ़ नेतृत्व ने देश व प्रदेश को नई दिशा, नया तेवर और नया कलेवर दिया। अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। कभी 11वें और 12वें स्थान पर रहने वाली भारतीय अर्थव्यवस्था आज विश्व की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है।
उपाध्याय ने कहा कि समुद्र की गहराइयों से लेकर अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक भारत का परचम लहरा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को हम सबको एक मिशन के रूप में लेना है, तभी हम सभी इस देश के सच्चे सपूत कहलाएंगे।
इसके पश्चात उन्होंने वंदे मातरम वन कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया और वहां पर पौधरोपण कर शहीदों के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सभी को स्वतंत्रता की शपथ दिलाई।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

