मीरजापुर : 48 घंटे बाद पांच किमी दूर बकहर नदी में उतराता मिला चरवाहे का शव

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : 48 घंटे बाद पांच किमी दूर बकहर नदी में उतराता मिला चरवाहे का शव


मीरजापुर, 30 अगस्त (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के छहमुहंवा मुहाने पर बकहर नदी में भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहे 65 वर्षीय चरवाहे का शव 48 घंटे बाद बरामद हो गया। शव घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर संतनगर थाना क्षेत्र के बभनी थपनवा गांव के सामने बकहर नदी में उतराता मिला।

बताया गया कि शुक्रवार शाम चरवाहा भैंस को लेकर नदी पार कर रहा था। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और भैंस की पूंछ पकड़ने के बावजूद पानी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद से ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों द्वारा नदी में लगातार खोजबीन की जा रही थी।

रविवार को तलाशी अभियान के दौरान बभनी थपनवा गांव के सामने नदी में शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही संतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की खबर पर परिजन में कोहराम मच गया।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम मड़िहान संतोष ओझा और थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिजन को ढांढस बंधाया। एसडीएम ने बताया कि मृतक के परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। प्रशासन की ओर से सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story