गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, जवारी के साथ 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, जवारी के साथ 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया दर्शन


मीरजापुर, 25 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र की सप्तमी तिथि पर बुधवार को गड़बड़ा धाम स्थित आदि शक्ति मां शीतला के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 50 हजार से अधिक भक्तों ने जवारी के साथ मां के दर्शन-पूजन कर मनोकामनाएं मांगीं।

भोर में चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। सेवटी नदी में स्नान के बाद पुरुष और महिलाएं अलग-अलग कतारों में खड़े होकर मां के दर्शन के लिए आतुर नजर आए। दूरदराज के सैकड़ों गांवों से ट्रैक्टरों पर जवारी लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने धाम में पहुंचकर पूजन किया। कुमारी कन्याओं ने सिर पर जवारी लेकर मां के दरबार में दर्शन कर सेवटी नदी में विसर्जन किया। श्रद्धालु नारियल, चुनरी, हलवा-पूरी, फल-फूल और मिष्ठान लेकर मां के चरणों में अर्पित करते रहे।

मान्यता के अनुसार, बड़ी संख्या में बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए। मंदिर का कपाट खुलते ही मां की एक झलक पाकर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तैनात रहे, जबकि महिला पुलिस गर्भगृह में व्यवस्था संभालती दिखी। मंदिर प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। पुजारी मंगल धारी ने बताया कि दिनभर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किया। मेले में लगी दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story