माध्यमिक शिक्षक संघ ने की उप्र वित्तविहीन शिक्षक सेवा सुरक्षा एवं कल्याण बोर्ड/आयोग के गठन की मांग, राज्य सरकार को भेजेंगे प्रस्ताव
--संगठन की प्रांतीय कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुआ प्रस्ताव
--दो मई को सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों में होगा धरना प्रदर्शन
लखनऊ, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में साेमवार काे जय नारायण इंटर कॉलेज, लखनऊ के सभागार में सम्पन्न राज्य परिषद की बैठक में उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक सेवा सुरक्षा एवं कल्याण बोर्ड/आयोग के गठन किए जाने की मांग सर्वसम्मति से की गई और इस प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिये गये हैं।
संगठन के प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डा. आर. पी. मिश्र एवं महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि साेमवार काे हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि 02 मई को प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों पर धरना होगा। जिसमें एनपीएस शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण, शिक्षकों के बकाया अवशेषों का भुगतान, शिक्षकों की लम्बित पदोन्नतियां, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान प्रकरणों का निस्तारण, शिक्षकों को उत्पीड़न से बचाए जाने, पुरानी पेंशन से आच्छादित शिक्षकों की एनपीएस कटौती को जीपीएफ खाते में जमा कराना आदि प्रमुख मांगे हैं।
शिक्षक नेताओं ने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 21 एवं 18 की वापसी, पुरानी पेंशन की बहाली, विद्यालयों के कारण शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन, 22 मार्च, 2016 की राज्य की राजाज्ञा से आच्छादित एवं विनिमित शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिए जाने, वंचित तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण आदि से संबंधित मांग पत्र मुख्यमंत्री को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में 31 मार्च, 2026 को सेवानिवृत शिक्षक एवं शिक्षकाओं के पेंशन, जीपीएफ आदि देयकों के भुगतान की मंडलवाद समीक्षा की गई। बैठक के अंत में संगठन के प्रदेशीय मंत्री श्रीकृष्ण यादव के दु:खद निधन पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद में नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी, एमएलसी सहित सभी उपस्थित शिक्षक नेताओं, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी, एमएलसी, पूर्व एमएलसी एवं संरक्षक जगवीर किशोर जैन, महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, संरक्षक इंद्रासन सिंह, ठाकुर प्रसाद यादव, पूर्व एमएलसी डा .प्रमोद कुमार मिश्र प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डा. आरपी मिश्र, हेमराज सिंह गौर, शिवकुमार यादव, देव भाष्कर तिवारी, अवधेश सिंह बृजेश राय, प्रदेशीय मंत्री डा.आर.के. त्रिवेदी, ज्ञानेश कुमार राय, प्रभाकर राय के साथ सभी मंडलीय अध्यक्ष व मंत्री, जिलाध्यक्ष व जिला मंत्री, सदस्य राज्य परिषद आदि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

