(अपडेट) वाराणसी : शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि पर दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, काशी नगरी में शक्ति आराधना का उल्लास

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) वाराणसी : शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि पर दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़, काशी नगरी में शक्ति आराधना का उल्लास


—सतरंगी बिजली की लड़ियों से सड़क और गलिया रोशनी से नहाए,पंडालों में ढाक के डंके की गूंज,बंगीय पूजा पंडालों में खास आराधना

—— कहीं अंकोरवाट तो कहीं हवा महल की दिखी झलक

वाराणसी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी (वाराणसी) में शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि के साथ दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। शनिवार शाम से शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। रंग-बिरंगी बिजली की झालरों से सजी सड़कें और गलियां उत्सव के रंग में सराबोर नजर आईं। वहीं, बंगीय पूजा पंडालों में ढाक की गूंज और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच मां दुर्गा की आराधना की गई।

नवरात्र की षष्ठी तिथि की देर शाम शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और विधि-विधान के साथ मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। बंगीय पूजा पंडालों में घट स्थापना, बोधन, आमंत्रण और अधिवास सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके बाद पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खोल दिए गए। पट खुलते ही परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।

शहर के प्रमुख पूजा पंडालों की भव्य सजावट और आकर्षक विद्युत प्रकाश व्यवस्था लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रंगीन झालरों से जगमगाती सड़कों और गलियों में उत्सव का नजारा देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु मां के दर्शन के साथ पंडालों की सजावट के बीच सेल्फी लेते भी नजर आए। लहुराबीर स्थित हथुआ मार्केट, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, जगतगंज के विजेता स्पोर्टिंग क्लब, मछोदरी, सोनारपुरा, जंगमबाड़ी, शिवपुर मिनी स्टेडियम, पांडेयपुर और अर्दली बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों के पूजा पंडालों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

——अंकोरवाट मंदिर की प्रतिकृति बना आकर्षण

हथुआ मार्केट स्थित प्रीमियर बॉयज क्लब की ओर से कंबोडिया के विश्वप्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर की प्रतिकृति पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया गया है। लगभग 80 से 90 फीट ऊंचे इस पंडाल के भीतर मां दुर्गा की करीब 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल की भव्य संरचना और मां की आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पंडाल के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। समिति के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।

——हवा महल और भूत बंगले की थीम भी लुभा रही

शिवपुर स्थित मिनी स्टेडियम में जयपुर के प्रसिद्ध हवा महल की तर्ज पर तैयार पूजा पंडाल आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वहीं, रेशम कटरा के पूजा पंडाल में कैप्टन मच्छार की वीरता पर आधारित झांकी युवाओं का ध्यान खींच रही है। मंडुवाडीह में आदर्श स्पोर्टिंग क्लब की ओर से भूत बंगले की थीम पर तैयार पंडाल भी श्रद्धालुओं के बीच खासा आकर्षण बना हुआ है।

——सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ेगी उत्सव की रौनक

दुर्गा पूजा के पहले दिन कई पंडालों में देर शाम डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक सजावट के बीच काशी में दुर्गा पूजा का उत्सव पूरे उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में उमड़ रही भीड़ से त्योहार की रौनक और बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story