जनगणना की ट्रेनिंग में लापरवाही बरतने और ड्यूटी कटवाने पर दर्ज होगा मुकदमा : अपर जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना की ट्रेनिंग में लापरवाही बरतने और ड्यूटी कटवाने पर दर्ज होगा मुकदमा : अपर जिलाधिकारी


शाहजहांपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर की तहसील कलान में गुरुवार को जनगणना की ट्रेनिंग के अंतिम बैच का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी ने नगर पंचायत कलान एवं ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम बैच में चल रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य बहुत ही महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है, जिसे पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ संपादित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी प्रशिक्षण अथवा ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरत रहे हैं या अपनी ड्यूटी कटवाने का प्रयास कर रहे हैं, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कर्मचारियों का पंजीकरण कराते हुए विधिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य से जुड़े कर्मियों को निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। जनगणना कार्य संपादित करने पर लगभग 25 हजार रुपये तक का मानदेय दिया जाएगा, जबकि प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले इन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर को चार सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रशिक्षण अवधि का मानदेय दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे समय से उपस्थित होकर प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

Share this story