17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जन-जन तक पहुंचेंगी 25 वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियां

WhatsApp Channel Join Now
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जन-जन तक पहुंचेंगी 25 वर्षों की जनकल्याणकारी उपलब्धियां


गोरखपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा से जुड़ी जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अभियान के मूल भाव, उद्देश्य, कार्यक्रमों की रूपरेखा और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसकी गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक पहुंच बनाते हुए उन्हें सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के बारे में जानकारी दी जाए।

अभियान का मूल भाव 25 वर्षों की अविरल जनसेवा का सम्मान तथा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में हुए कार्यों को जनता के बीच पहुंचाना है। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में किए गए नीतिगत सुधारों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों को प्रमुखता से रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को यह संदेश दिया जाएगा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।

बैठक में बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ा जाएगा। युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, गरीब एवं वंचित वर्गों सहित विभिन्न सामाजिक समूहों तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है। कार्यक्रमों के जरिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से लोगों को मिले लाभ की जानकारी साझा करने के साथ ही नागरिकों को भविष्य के विकास लक्ष्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में यह भी जोर दिया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से नागरिकों में देश के विकास के प्रति जिम्मेदारी और भागीदारी की भावना को मजबूत किया जाए। विकसित भारत-2047 के संकल्प को गांव, कस्बे और शहर के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए जागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।

बैठक में विकास भवन के संबंधित अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा अभियान से जुड़े अन्य जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप अभियान की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story