डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 का उद्घाटन, बोले-दिव्यांग क्रिकेट का केंद्र बनेगी काशी

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 का उद्घाटन, बोले-दिव्यांग क्रिकेट का केंद्र बनेगी काशी


डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 का उद्घाटन, बोले-दिव्यांग क्रिकेट का केंद्र बनेगी काशी


—तीन दिवसीय टी-20 टूर्नामेंट का आगाज, पहले दिन उत्तर प्रदेश और बंगाल की टीमों ने दर्ज की जीत

वाराणसी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के तहत शुक्रवार को वाराणसी में तीन दिवसीय सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ।

सिगरा स्थित खेल स्टेडियम में टूर्नामेंट का उद्घाटन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि काशी दिव्यांग क्रिकेट के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगी।

डॉ. निशंक ने कहा कि वाराणसी में पिछले दस वर्षों से दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलना सराहनीय है। उचित अवसर और मंच मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। सेवा संकल्प ट्रॉफी जैसे आयोजन खिलाड़ियों को पहचान दिलाने के साथ समाज में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों के विकास और सशक्तीकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों के विकास एवं सशक्तीकरण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

परिचय एवं टॉस कार्यक्रम में पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह और विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। दोनों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता की सफलता की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने अतिथियों, खिलाड़ियों, आयोजकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

——पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने बिहार को 9 रन से हराया

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और बिहार की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच खेला गया। बिहार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 119 रन बनाए। ओमवीर ने 19 गेंदों पर दो शानदार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 22 रन बनाए।

बिहार की ओर से एमडी संजूर और अजय कुमार ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तर प्रदेश ने नौ रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। बिहार की ओर से राजीव और अमित कुमार ने 17-17 रन बनाए।

उत्तर प्रदेश की जीत में गेंदबाज ओमवीर की अहम भूमिका रही। उन्होंने चार ओवर में महज 15 रन देकर तीन विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

—बंगाल ने उड़ीसा को आठ विकेट से दी शिकस्त

दिन-रात्रि प्रारूप में दूधिया रोशनी के बीच खेले गए दूसरे मुकाबले में बंगाल की टीम ने उड़ीसा को आठ विकेट से हरा दिया। टॉस जीतकर बंगाल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उड़ीसा की टीम बंगाल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 66 रन पर ऑलआउट हो गई। उड़ीसा की ओर से नरेश ने 26 गेंदों पर दो चौकों की मदद से सर्वाधिक 29 रन बनाए।

बंगाल की ओर से मुदसर खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में आठ रन देकर छह विकेट झटके। उनके इस प्रदर्शन ने उड़ीसा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

67 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की टीम ने दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। सुकुमार ने 18 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से शानदार 38 रन बनाए। उड़ीसा की ओर से योगेंद्र ने दो ओवर में 22 रन देकर एक विकेट लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मुदसर खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

——दर्शकों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

मैचों के दौरान मैदान दर्शकों से भरा रहा। दिव्यांग खिलाड़ियों के शानदार चौकों-छक्कों और बेहतरीन कैचों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। वरुण सिंह ने मैचों की प्रभावशाली कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बनाए रखा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story