सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर मंथन, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर मंथन, प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश


मीरजापुर, 21 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने सोमवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अभियान को विकासखंड, ग्राम पंचायत और नगर वार्ड स्तर तक पहुंचाने तथा युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति में लीकेज और पाइप टूटने की शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग समेत कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय में सड़कों को गड्ढामुक्त करने को कहा।

बैठक में विधायक रत्नाकर मिश्रा, रमाशंकर सिंह पटेल, सुचिस्मिता मौर्या, रिंकी कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, सीडीओ विशाल कुमार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक समेत अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story