सेवा संकल्प अभियान का समापन, 100 दिव्यांगजनों को मिली ट्राई साइकिल
बाराबंकी 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में सेवा संकल्प अभियान के समापन अवसर पर शनिवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में कन्या पूजन एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति सतीश चंद्र शर्मा ने 55 कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया। साथ ही 100 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल और 25 जोड़ी बैसाखी वितरित कीं।
राज्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कन्या पूजन नारी सम्मान और बेटियों के महत्व का प्रतीक है, वहीं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार सभी वर्गों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, सुभासपा जिलाध्यक्ष अधीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

