स्कॉर्पियो ने डाक विभाग के शाखा डाकपाल को रौंदा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
स्कॉर्पियो ने डाक विभाग के शाखा डाकपाल को रौंदा, मौत


-सेवानिवृत्ति से पांच वर्ष पहले हादसा, डाक विभाग में शोक की लहर

मीरजापुर, 13 जुलाई (हि.स.)। देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से डाक विभाग में कार्यरत शाखा डाकपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हरदी गुलालपुर के मूल निवासी अरविंद कुमार मिश्र (61) वर्तमान में हरदी गुलालपुर शाखा डाकघर में शाखा डाकपाल (बीपीएम) के पद पर कार्यरत थे। रविवार देर शाम वह बीएचयू कैंपस के पास बेलहरा मोड़ से करीब दो सौ मीटर आगे पहुंचे थे, तभी पीछे से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक वाहन समेत फरार हो गया।

अरविंद कुमार मिश्रा के सेवा निवृत्त होने में अभी लगभग पांच वर्ष शेष थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही डाक विभाग के मीरजापुर मंडल में शोक की लहर दौड़ गई।

देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story