धान की सीधी बुवाई पर जोर, वैज्ञानिकों ने किसानों को दिए आधुनिक खेती के टिप्स

WhatsApp Channel Join Now
धान की सीधी बुवाई पर जोर, वैज्ञानिकों ने किसानों को दिए आधुनिक खेती के टिप्स


मीरजापुर, 03 जून (हि.स.)। विकास खंड हलिया के भटवारी और डिघिया ग्राम पंचायतों में बुधवार को किसानों के लिए धान की सीधी बुवाई (डीएसआर) तकनीक पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती के जरिए कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के गुर बताए गए।

यूपी एग्रीज परियोजना के अंतर्गत विकासखंड के 30 गांवों का चयन किया गया है, जहां प्रगतिशील किसानों को धान की सीधी बुवाई और आधुनिक रोपाई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के वैज्ञानिक डॉ. अजय सिंह ने किसानों को डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) तकनीक की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जून माह में खेत तैयार कर चुके किसान डीएसआर यंत्र की सहायता से धान की सीधी बुवाई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। यह तकनीक समय, श्रम और संसाधनों की बचत के साथ फसल की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक है।

सहायक विकास अधिकारी (कृषि) नरेंद्र कानापुरिया ने कहा कि परंपरागत धान रोपाई में मजदूरों पर अधिक खर्च आता है। इसके विपरीत बारिश से पहले सीधी बुवाई करने पर श्रम लागत कम होती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है। इससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बीज चयन, खेत की तैयारी, खरपतवार प्रबंधन तथा डीएसआर तकनीक के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सीएम फेलो गौरव, हरिकेश पटेल सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story