‘अभिलाषा’ में उड़ी विज्ञान की उड़ान, नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाया हुनर

WhatsApp Channel Join Now
‘अभिलाषा’ में उड़ी विज्ञान की उड़ान, नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाया हुनर


मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद अकादमी में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी “अभिलाषा” का भव्य आयोजन हुआ। विद्यालय परिसर में सजे मॉडलों और प्रोजेक्ट्स ने वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों ने सैकड़ों मॉडल बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विज्ञान प्रदर्शनी में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, जल प्रबंधन, स्मार्ट सिटी, रोबोटिक्स, मानव शरीर रचना, जैव विविधता और आधुनिक तकनीक जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए गए।

मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा तैयार “स्मार्ट वीमेन सेफ्टी ब्रेसलेट” रहा, जो ब्लूटूथ से मोबाइल से जुड़कर इमरजेंसी में कॉल, लोकेशन और ऑडियो रिकॉर्डिंग भेज सकता है। इसके अलावा “रिमोट कंट्रोल रॉकेट लॉन्चर” के जरिए 200 मीटर दूर से सुरक्षित रॉकेट लॉन्चिंग का प्रदर्शन और रोबोटिक्स सेक्शन में रिमोट संचालित रोबोट्स द्वारा फुटबॉल खेल ने सभी को रोमांचित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने इसे महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल बताया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. सदानंद पाण्डेय और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राघव मिश्र ने छात्रों की वैज्ञानिक सोच की प्रशंसा की।

विद्यालय के निदेशक विनोद कुमार उपाध्याय ने इसे जिज्ञासा और नवाचार का परिणाम बताया, जबकि प्रधानाचार्य ऋषिकांत उपाध्याय ने अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों और नागरिकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story