विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रतीक गुप्ता रहे अव्वल, 15 मॉडल मंडल स्तर के लिए चयनित

WhatsApp Channel Join Now
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रतीक गुप्ता रहे अव्वल, 15 मॉडल मंडल स्तर के लिए चयनित


औरैया, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में सोमवार को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और तकनीक पर आधारित आकर्षक एवं नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में 15 मॉडल मंडल एवं प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली। शिक्षा सोपान आईआईटी कानपुर से आए विशेषज्ञ अमित कुमार बाजपेयी, योगेश झा, रंजीत कुमार और शिक्षिका पूनम पोरवाल ने मॉडलों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर के प्रतीक गुप्ता ने प्रथम, गेल डीएवी पब्लिक स्कूल के उद्भव ने द्वितीय और जनता विद्यालय इंटर कॉलेज बरौना कला के जयकिशन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गांधी इंटर कॉलेज एरवाकटरा की अमीषा और ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल दिबियापुर के युग के मॉडल सांत्वना पुरस्कार के लिए चुने गए।

प्रथम स्थान पाने वाले को पांच हजार, द्वितीय को तीन हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को दो हजार रुपये दिए गए। वहीं दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को एक-एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इन पांच प्रतिभागियों के अलावा 10 अन्य मॉडलों का भी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।

एडीएम न्यायिक ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला विज्ञान क्लब समन्वयक मोहित सिंह, प्रबंधक जीएन अग्रवाल, प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story