विज्ञान बस ने जगाई वैज्ञानिक सोच, 210 विद्यार्थियों ने प्रयोगों के जरिए सीखा विज्ञान
मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के सहयोग तथा आईआईटी कानपुर के संचालन में तैयार की गई विज्ञान बस ने रविवार को विंध्याचल के समीप स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, परसिया में विद्यार्थियों के बीच विज्ञान के प्रायोगिक प्रदर्शन किए। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों को स्वयं देखकर और समझकर विज्ञान को व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक सुशील कुमार पाण्डेय ने आईआईटी कानपुर से आए एजुकेटर ब्रिकेश कुमार एवं शुभाशीष पाण्डेय सहित विज्ञान बस के सहयोगियों का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
विद्यालय के कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 210 विद्यार्थियों को 15-15 के समूह में विज्ञान बस के अंदर ले जाया गया, जहां प्रत्येक समूह को करीब आधे घंटे तक विशेषज्ञों ने विभिन्न वैज्ञानिक सिद्धांतों और प्रयोगों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रयोगों को देखा, समझा और उनसे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों को जाना।
जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक सुशील कुमार पाण्डेय ने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और विज्ञान को प्रयोगों के माध्यम से सरल एवं रोचक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विज्ञान बस में माइक्रोस्कोप, टेलीस्कोप, ओम के नियम, पी-एन जंक्शन डायोड, ट्रांजिस्टर, प्रकाश विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान तथा थ्री-डी प्रिंटर से मॉडल निर्माण सहित अनेक आधुनिक प्रयोगों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही बस में लगी बड़ी स्क्रीन पर इन प्रयोगों की कार्यप्रणाली भी दिखाई गई, जिससे विद्यार्थियों को उन्हें समझने में आसानी हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के भौतिक विज्ञान शिक्षक सिद्धार्थ मणि विक्रम, वार्डन राम सागर, संजय श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार अग्रहरी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

