आईआईटी कानपुर की विज्ञान बस पहुंची मीरजापुर, चलते-फिरते साइंस लैब से रुबरु हुए 283 विद्यार्थी

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी कानपुर की विज्ञान बस पहुंची मीरजापुर, चलते-फिरते साइंस लैब से रुबरु हुए 283 विद्यार्थी


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के सहयोग तथा आईआईटी कानपुर द्वारा संचालित विज्ञान बस सोमवार को नगर स्थित सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर पहुंची। दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के प्रयोगों को नजदीक से देखा और उन्हें स्वयं समझने का अवसर प्राप्त किया।

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के पाठ्यक्रम के अनुरूप भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े अनेक प्रयोग प्रदर्शित किए गए। विषय विशेषज्ञों ने प्रत्येक प्रयोग का सरल और रोचक तरीके से प्रदर्शन करते हुए उसके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

विज्ञान बस में आईआईटी कानपुर द्वारा तैयार की गई लगभग 300 विज्ञान आधारित लघु फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। इन फिल्मों के माध्यम से छात्रों को विज्ञान के सिद्धांतों, प्रयोगों और उनके दैनिक जीवन में उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। आधुनिक तकनीक और प्रयोगात्मक शिक्षा के इस अनूठे संयोजन ने विद्यार्थियों को काफी आकर्षित किया।

कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय के 283 विद्यार्थियों ने विज्ञान बस का भ्रमण किया। छात्रों ने माइक्रोस्कोप, वैज्ञानिक मॉडल और विभिन्न प्रयोगों का अवलोकन कर विज्ञान को व्यवहारिक रूप से समझा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी कौशिक ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और आईआईटी कानपुर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story