बिना फिटनेस नहीं चलेंगे स्कूली वाहन, सड़क हादसों के घायलों का होगा मुफ्त इलाज
मीरजापुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जनसुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की। डीएम ने निर्देश दिया कि बिना फिटनेस किसी भी स्कूली वाहन का संचालन न हो और बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहनों की नियमित जांच कराई जाए।
कांवड़ श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों की समीक्षा करते हुए डीएम ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को दो दिन के भीतर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ बड़े वाहनों का चालान करने तथा ब्लैक स्पॉट और अवैध स्टैंड के खिलाफ अभियान चलाने को कहा। नगर पालिका की ओर से एक अवैध स्टैंड हटाए जाने की जानकारी दी गई।
नटवा चौराहे के गड्ढों की मरम्मत न होने पर डीएम ने एनएचएआई के सहायक अभियंता अजीत प्रकाश वर्मा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर सड़कों का निरीक्षण करने और सुधार की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार मिलना चाहिए। सरकारी या निजी अस्पताल में घायल का बिना पैसे लिए तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा और उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी। सीएमओ को इसके लिए इमरजेंसी मेडिकल प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने तीन या उससे अधिक मौत वाले हादसों की संयुक्त जांच कराने और दुर्घटना संभावित मार्गों का विश्लेषण कर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में सीडीओ विशाल कुमार, सीएमओ डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा, एएसपी नगर नितेश सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

