वाराणसी : महर्षि संदीपनी विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के तहत किया गया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी : महर्षि संदीपनी विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के तहत किया गया जागरूक


वाराणसी, 09 अगस्त (हि. स.)। वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (राजातालाब) वीर सिंह के नेतृत्व में रविवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना जंसा क्षेत्र स्थित महर्षि संदीपनी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी जंसा सत्यजीत सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी, महिला पुलिस कर्मी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन, महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकार, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा तथा विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ सामना करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

सहायक पुलिस आयुक्त (राजातालाब) वीर सिंह ने बताया कि छात्राओं को विशेष रूप से “खुलकर बोलो, चुप्पी तोड़ो” का संदेश देते हुए किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहने, बिना संकोच अपनी बात परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस के समक्ष रखने तथा समय से सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि छात्राओं को साइबर अपराध एवं साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं पासवर्ड किसी से साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो साझा करते समय सावधानी बरतने के संबंध में जागरूक किया गया। साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में महिला पुलिस कर्मियों द्वारा छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं विचारों को सुना गया। छात्राओं ने भी महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से संबंधित अपने विचार साझा किए। पुलिस टीम द्वारा छात्राओं का आत्मविश्वास एवं मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग, जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story