बांदा में आवासीय विद्यालय में दो छात्रों की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत, पुलिस कर रही जांच
बांदा, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में सोमवार को एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले दो छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के झील का पुरवा स्थित बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में हॉस्टल में रहकर कक्षा 6 में पढ़ाई करने वाले दो छात्र नितिन (12) पुत्र सुनील कुमार निवासी सरस्वाह और अरुण (10) पुत्र पुष्कर रविवार रात अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गए। दोनों छात्रों ने उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद हॉस्टल प्रबंधन ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर एक छात्र को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों छात्राें की ही मौत हो गई।
विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश कुशवाहा के अनुसार रविवार शाम कुछ छात्र बाहर से मोमोज और फिंगर फ्राइज लेकर आए थे, जिसे कई बच्चों ने खाया था। हालांकि, प्रबंधन का तर्क है कि यदि यह फूड पॉइजनिंग का मामला होता, तो अन्य बच्चों की भी तबीयत बिगड़नी चाहिए थी। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक बांदा, शिवराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

