हाई स्पीड ट्रेन के सामने कूदा युवक, गैंगमैन को खींचकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
हाई स्पीड ट्रेन के सामने कूदा युवक, गैंगमैन को खींचकर बचाई जान


मीरजापुर, 03 मार्च (हि.स.)। चुनार रेलवे जंक्शन पर मंगलवार शाम एक यात्री ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए ट्रैक पर गिरे गैंगमैन की जान बचा ली। घटना के दौरान हाई स्पीड नॉनस्टॉप ट्रेन तेजी से स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर दो के पश्चिमी छोर पर खड़े यात्री पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर तैनात एक गैंगमैन हाथ में पानी का बड़ा जार लेकर ट्रैक पर उतरा और अचानक फिसलकर गिर पड़ा। उसी समय मिर्जापुर की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की दिशा में एक तेज रफ्तार नॉनस्टॉप ट्रेन आ रही थी।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रयागराज के कोख गांव निवासी यात्री प्रदीप कुमार ने बिना देर किए ट्रैक पर छलांग लगा दी। उन्होंने गैंगमैन को उठाने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट में गैंगमैन उनसे उलझ गया। इस बीच ट्रेन बेहद नजदीक पहुंच चुकी थी। प्रदीप ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह गैंगमैन को खींचते हुए प्लेटफॉर्म नंबर एक की ओर ले गए।

आखिरकार दोनों की जान बाल-बाल बच गई। प्रदीप कुमार सक्तेशगढ़ स्थित आश्रम में दर्शन-पूजन के लिए आए थे। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उनके साहस की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story