संतों का छद्म वेश धारण करना भारतीय संस्कृति पर कुठाराघात : सतीश महाना

WhatsApp Channel Join Now
संतों का छद्म वेश धारण करना भारतीय संस्कृति पर कुठाराघात : सतीश महाना


-अयोध्या पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष मऊशिवाला पर भाजपाईयों ने किया स्वागत

अयोध्या, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना शनिवार को अयोध्या पहुंचे। महानगर की सीमा मऊ शिवाला पर अयोध्या विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता ने उनका स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन किए। हनुमानगढ़ी में भी मत्था टेका। दर्शन-पूजन के दौरान विधायक रामचंद्र यादव, विधायक चंद्रभानु पासवान, विधायक अभय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने संसद भवन परिसर के बाहर कांग्रेस सांसद पप्पू यादव द्वारा किए गए प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति संतों के त्याग, तपस्या और आशीर्वाद पर आधारित है। ऐसे में संतों का छद्म वेश धारण करना किसी भी स्थिति में मान्य नहीं और अनुचित है। जब उस छद्म वेश को हटाया गया तो जो वास्तविकता निकली वह कांग्रेस के एक सांसद के रूप में निकली। उनका अपना एक इतिहास है जिसे पूरा देश जानता है। उन्होंने इस घटना को संत समाज का अपमान बताते हुए कहा कि इस प्रकार का कृत्य भारतीय संस्कृति पर कुठाराघात है।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं पूरे प्रकरण की निगरानी कर रहे हैं और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि अयोध्या दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान भाजपा नेता अभय सिंह, हरभजन गौड, सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story