सर्वप्रयास सीता रसोई ट्रस्ट ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल
-ट्रस्ट द्वारा 11 वर्षों से आयोजन किया जा रहा : उदयभान सिंह
मुरादाबाद, 28 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में सर्वप्रयास सीता रसोई ट्रस्ट मुरादाबाद की ओर से रविवार को बुद्धि विहार खुशहालपुर रोड स्थित च्वाइस बैंक्वेट हाल में लिहाफ़ वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लगभग 400 जरूरतमंदों को ठंड से बचाव हेतु लिहाफ वितरित किए गये तथा साथ ही भोजन के पैकेट भी दिए गए।
ट्रस्ट के अध्यक्ष उदयभान सिंह ने बताया कि संस्था विगत 11 वर्षों से विभिन्न प्रकार के सामाजिक, धार्मिक व सेवा कार्यों में सलंग्न है। संस्था की ओर से ये संकल्प लिया गया था कि महानगर में किसी को भी ठंड में ठिठुरने नही दिया जाएगा। इसी संकल्प पूर्ति के क्रम में 11 वर्षों से निरंतर लिहाफ़ वितरण का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रत्येक वर्ष दिसम्बर माह से शुरू होकर जनवरी/फरवरी माह तक विभिन्न चरणों में महानगर व आसपास के स्थानों पर जरुरतमंदों अभावग्रस्त जनों को लिहाफ़ वितरण किया जाता है।
उदयभान सिंह ने आगे बताया कि इसवर्ष ये प्रथम चरण का आयोजन किया गया है इसके पश्चात फरवरी माह तक अलग-अलग स्थानों पर 800 से 1000 लिहफ़ों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में संस्था के समस्त सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

