देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों के मॉडल पर अपग्रेड होंगे सर्वोदय विद्यालय

WhatsApp Channel Join Now
देश के टॉप बोर्डिंग स्कूलों के मॉडल पर अपग्रेड होंगे सर्वोदय विद्यालय


-समाज कल्याण विभाग और बीएसएआई के बीच हुआ एमओयू

लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भर के 112 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई। समाज कल्याण विभाग और बोर्डिंग स्कूल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएसएआई) के बीच बुधवार को गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह एमओयू समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव और निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बीएसएआई के डायरेक्टर श्री विनय पांडेय और सीईओ सपना सुकुल भी उपस्थित रहीं।

इस समझौते का उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ बोर्डिंग स्कूलों के सफल अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को सर्वोदय विद्यालयों तक पहुंचाना है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता के साथ छात्रावास प्रबंधन, छात्र देखभाल, अनुशासन, नेतृत्व विकास और नई टेक्नॉलजी पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

सर्वोदय विद्यालयों के प्रिंसिपल और शिक्षकों की टीम बीएसएआई से जुड़े प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों का शैक्षणिक भ्रमण करेगी। वहां की शिक्षण व्यवस्था, हॉस्टल प्रबंधन और प्रशासनिक प्रणाली का अध्ययन कर एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी, जिसे प्रदेश के सभी 112 सर्वोदय विद्यालयों में लागू किया जाएगा।

प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने कहा कि यह एमओयू सर्वोदय विद्यालयों के लिए नई शुरुआत है। इससे विद्यार्थियों को देश के प्रमुख बोर्डिंग स्कूलों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलेगा। बीएसएआई की सीईओ सपना सुकुल ने कहा कि किसी राज्य सरकार के साथ बीएसएआई का यह पहला एमओयू है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी सर्वोदय विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाएगी। कार्यक्रम में उपनिदेशक जे. राम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बीएसएआई देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों का राष्ट्रीय संगठन है। इसके सदस्य संस्थानों में द दून स्कूल, मेयो कॉलेज, द लॉरेंस स्कूल (सनावर), वेल्हम बॉयज स्कूल, वेल्हम गर्ल्स स्कूल और द सिंधिया स्कूल सहित कई अग्रणी बोर्डिंग स्कूल शामिल हैं। यह संस्था गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रावास प्रबंधन और शिक्षक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है।

समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में अच्छी शिक्षा की सबसे बड़ी भूमिका है। हमारी प्राथमिकता है कि सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को देश के सर्वश्रेष्ठ बोर्डिंग स्कूलों जैसी शिक्षा, अनुशासन और अवसर मिले। बीएसआई के साथ यह साझेदारी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारे विद्यार्थी और शिक्षक अब नई और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से सीखेंगे, अनुभव साझा करेंगे और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story