सर्वोदय विद्यालयों में एनसीसी से निखर रहा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व, 344 कैडेट ले रहे प्रशिक्षण
-पांच विद्यालयों में एनसीसी से अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मिल रहा विस्तार
-इटावा के कंधनी विद्यालय में 80 सीट की नई यूनिट, नगला हीरालाल में पहले से 50 कैडेट जुड़े
लखनऊ,30 सितंबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग से संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) से विद्यार्थियों को जोड़ा जा रहा है।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, सर्वोदय विद्यालयों में 344 छात्र-छात्राएं एनसीसी प्रशिक्षण से जुड़े हैं। इसके साथ ही इटावा के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय कंधनी में 80 सीट की नई एनसीसी जूनियर डिवीजन यूनिट आवंटित की गई है।
वर्तमान में बस्तौरा, रसड़ा (बलिया) में इस सत्र में 50 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें 44 कैडेट 10 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए गए हैं। नगला हीरालाल, इटावा में 50, भोजीपुरा, बरेली में 100, परसिया, मिर्जापुर में 66 तथा सर्वोदय बालिका विद्यालय मड़िहान, मिर्जापुर में 34 छात्राएं एनसीसी से जुड़ी हैं। कंधनी विद्यालय में आवंटित 80 सीटों पर प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी एनसीसी के निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ाई जाएगी।
एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को परेड, शारीरिक प्रशिक्षण, शिविर, सामाजिक सेवा और साहसिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलता है। इससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और जिम्मेदारी का भाव विकसित होता है। एनसीसी प्रमाणपत्र आगे चलकर विभिन्न शैक्षणिक एवं रोजगार अवसरों में निर्धारित नियमों के तहत उपयोगी साबित हो सकते हैं।
समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एनसीसी के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत होगी। कंधनी जैसे विद्यालयों में एनसीसी यूनिट का विस्तार विद्यार्थियों को नए अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

