उप्र संस्कृत शिक्षा परिषद के डिप्लोमा द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम घोषित, 462 परीक्षार्थी उत्तीर्ण

WhatsApp Channel Join Now
उप्र संस्कृत शिक्षा परिषद के डिप्लोमा द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम घोषित, 462 परीक्षार्थी उत्तीर्ण


लखनऊ, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद द्वारा संचालित एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परिषद के सचिव ओपी त्रिपाठी की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया कि पुरोहित्य (कर्मकाण्ड), व्यावहारिक वास्तुशास्त्र, व्यावहारिक ज्योतिष एवं योग विज्ञान के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम तीन दिन पूर्व 21 अगस्त को घोषित किया गया है।

सचिव ओपी त्रिपाठी के अनुसार, द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए कुल 500 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 496 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 462 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। सफल परीक्षार्थियों में 424 बालक और 38 बालिकाएं शामिल हैं।

पाठ्यक्रमवार परिणाम के अनुसार, पुरोहित्य (कर्मकाण्ड) में 392 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 364 उत्तीर्ण हुए। इसका उत्तीर्ण प्रतिशत 92.85 प्रतिशत रहा। व्यावहारिक वास्तुशास्त्र में परीक्षा देने वाला एकमात्र परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहा और इसका परिणाम 100 प्रतिशत रहा।

व्यावहारिक ज्योतिष में 25 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 23 उत्तीर्ण हुए। इनमें 19 बालक और चार बालिकाएं शामिल हैं तथा उत्तीर्ण प्रतिशत 92 प्रतिशत रहा। योग विज्ञान में सभी 78 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 74 उत्तीर्ण हुए। इनमें 40 बालक और 34 बालिकाएं शामिल हैं। इस पाठ्यक्रम का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.87 प्रतिशत रहा।

परिषद के सचिव ओपी त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.upmssp.com पर आमजन एवं संबंधित परीक्षार्थियों के उपयोग के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। परीक्षार्थी परिषद की वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story