मंत्री संजय निषाद ने रामगोविंद चौधरी को दी श्रद्धांजलि, निधन को बताया अपूरणीय क्षति

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री संजय निषाद ने रामगोविंद चौधरी को दी श्रद्धांजलि, निधन को बताया अपूरणीय क्षति


बलिया, 26 सितंबर (हि.स.)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शनिवार को बांसडीह पहुंचकर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष तथा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. रामगोविंद चौधरी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि रामगोविंद चौधरी का निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अपनी स्पष्टवादिता, संघर्षशीलता और जनसेवा के माध्यम से अलग पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी का जाना केवल एक व्यक्ति का निधन नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन के एक समर्पित और मूल्यनिष्ठ अध्याय का अंत है। उनके स्नेह, मार्गदर्शन और आत्मीयता की स्मृतियां सदैव उनके हृदय में जीवित रहेंगी।

मंत्री ने कहा कि रामगोविंद चौधरी ने सार्वजनिक जीवन में लंबे समय तक अपनी सक्रिय भूमिका निभाई और जनसेवा के प्रति समर्पित रहे। उनके निधन से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र को हुई क्षति की भरपाई कठिन है।

डॉ. संजय निषाद ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story