गोरखपुर एयरपोर्ट पर संजय निषाद की अनुप्रिया पटेल से शिष्टाचार भेंट, मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य पर हुई सार्थक चर्चा
लखनऊ/गोरखपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। गोरखपुर एयरपोर्ट पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री संजय निषाद की अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल की शनिवार को शिष्टाचार भेंट हुई। इस दौरान दोनों ही राजनीतिक दलों के नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य सहित प्रदेश और देश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।
भेंट के दौरान प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, जनहित से जुड़े मुद्दों और सामाजिक सरोकारों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने बदलते राजनीतिक माहौल और विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
संजय निषाद और अनुप्रिया पटेल के बीच हुई इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, भेंट को शिष्टाचार मुलाकात बताया गया, लेकिन इस दौरान हुई विभिन्न विषयों पर चर्चा ने इसे चर्चा का विषय बना दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

