उप्र में जनप्रतिनिधियों और अफसरों के बीच संवाद के लिए कन्नौज समेत तीन जिलों में कल से शुरु हाेगा 'संवाद सेतु'

WhatsApp Channel Join Now

-गाजियाबाद, हरदोई और कन्नौज से पायलट प्रॉजेक्ट की शुरुआत

कन्नौज, 24 फरवरी(हि. स)। उत्तर प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद को अधिक सुगम, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में कल 25 फरवरी से ‘संवाद सेतु’ जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर व्यवस्था कन्नौज, गाजियाबाद, हरदोई में लागू की जाएगी। यह व्यवस्था पायलट प्रॉजेक्ट के रूप में शुरू होगी। विधानसभा में जन प्रतिनिधियाें और अधिकारियाें के बीच फाेन पर बात करने के मुद्दे पर शिकायतें आई थीं।

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने इस संबंध में तीनों जनपदों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं, जिससे योजना सुचारु रूप से लागू हो सके। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत इन जनपदाें में जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। अगर किसी अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधि की कॉल 10 मिनट के भीतर रिसीव या कॉल बैक नहीं की जाती है, तो जनप्रतिनिधि कमांड सेंटर को सूचित कर सकेंगे। कमांड सेंटर संबंधित अधिकारी को तुरंत कॉल बैक के लिए निर्देशित करेगा और संवाद सुनिश्चित करेगा।

यह व्यवस्था केवल कार्य दिवसों और कार्यालय समय में और सरकारी नंबरों पर लागू होगी। बेहतर संवाद और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही की स्थिति में रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। गौरतलब है कि यह पहल विधानसभा में उठे मुद्दे के बाद अमल में लाई जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महान की व्यवस्था पर इस संबंध में राज्यमंत्री असीम अरुण ने सुझाव दिया था।

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

Share this story