सम्पूर्ण समाधान दिवस में अफसराें ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं
मीरजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। मड़िहान तहसील में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी के समक्ष 63 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शासन स्तर से शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लिया जाता है, इसलिए अधिकारी प्रत्येक मामले में वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें। पैमाइश और कब्जे के मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजने तथा दोनों पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष कार्रवाई करने को कहा।
आईजीआरएस में लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, वन विभाग, एलडीएम और विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतों में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सितंबर के शेष दिनों में स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। दैवीय आपदा से मकान या फसल क्षति होने पर तत्काल सर्वे कराकर पात्रों को सहायता दिलाने को कहा।
मड़िहान के बीडीओ को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ें। प्रचार-प्रसार की कमी से कोई पात्र वंचित न रहे, इसके लिए गांवों में चौपाल लगाकर मौके पर पंजीकरण कराने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी को झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई और पात्र लोगों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। सदर में 143 में 19, चुनार में 114 में पांच और लालगंज में 58 में चार शिकायतों का निस्तारण हुआ। जिले में कुल 378 शिकायतों में 33 का मौके पर समाधान हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

