सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं


मीरजापुर, 16 मई (हि.स.)। शासन की मंशानुरूप शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर सम्बंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

तहसील मड़िहान में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 140 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण संतोषजनक एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने पर निस्तारण संतोषजनक नहीं पाया गया तो सम्बंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधे शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर फीडबैक लिया जा रहा है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। भूमि विवाद एवं पैमाइश से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में समाधान सुनिश्चित करे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीएल वर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story