सम्पूर्ण समाधान दिवस: 289 फरियाद, मौके पर 20 निस्तारण, गुणवत्ता से समझौता नहीं
मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शासन के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। तहसील मड़िहान में मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश व पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह ने फरियादियों की सुनवाई की, जबकि चुनार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने समस्याएं सुनीं।
मड़िहान में 51 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 5 का मौके पर निस्तारण हुआ। चुनार में 79 प्रार्थना पत्रों में से 1 का तत्काल समाधान किया गया। लालगंज में 93 में से 3 और सदर में 66 में से 11 प्रार्थना पत्र निस्तारित किए गए। कुल मिलाकर 289 शिकायतों में 20 का मौके पर निस्तारण हुआ।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निस्तारण पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि फरियादियों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। जिलाधिकारी ने दोहराया कि पुनरावृत्ति वाली शिकायतों में पुरानी आख्या अपलोड करने पर शासन स्तर पर नाराजगी है; ऐसे मामलों में स्थल निरीक्षण कर तथ्यपरक आख्या दें, अन्यथा कार्रवाई होगी। पैमाइश के मामलों में पुलिस टीम साथ लेकर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
चुनार में परियोजना निदेशक डीआरडीए, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

