जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर : हाजी फ़ज़ल महमूद

WhatsApp Channel Join Now
जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेलने को मजबूर : हाजी फ़ज़ल महमूद


कानपुर, 21 मई (हि.स.)। महंगाई, बिजली दरों में वृद्धि और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर समाजवादी पार्टी कानपुर महानगर की ओर से गुरुवार को प्रदर्शन किया गया। महानगर अध्यक्ष हाजी फ़ज़ल महमूद के नेतृत्व में परेड चौराहा मेट्रो स्टेशन से शुरू हुआ प्रदर्शन कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा, लेकिन उर्सला अस्पताल के पास पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक लिया। इसके बाद एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार को राज्यपाल के नाम संबोधित पत्र सौंपा गया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता, छात्र, महिलाएं, मजदूर और व्यापारी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने “महंगाई हटाओ”, “युवाओं का भविष्य बचाओ” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारे लगाए। पत्र में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, दूध और सब्जियों की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा कराए जाने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गैस सिलेंडर, सब्जियां और घरेलू सामान के साथ विरोध जताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से परिवारों का बजट बिगड़ गया है। वहीं युवाओं और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी और साइकिल के जरिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हाजी फ़ज़ल महमूद ने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा सभी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

प्रदर्शन में संजय सिंह बंटी सेंगर, शैलेंद्र यादव मिंटू, पूर्व विधायक सतीश निगम, अपर्णा बंसल जैन, डा. नीतेंद्र यादव, नंदलाल जायसवाल, अम्बर त्रिवेदी, पिंटू ठाकुर और कमलेश ओमर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story