किसानों के मुद्दे पर विधान परिषद से सपा सदस्यों ने किया बहिर्गमन

WhatsApp Channel Join Now
किसानों के मुद्दे पर विधान परिषद से सपा सदस्यों ने किया बहिर्गमन


- आलू किसान परेशान, धान की खरीद में बिचौलिए हावी : लाल बिहारी यादव

लखनऊ, 22 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शीतकालीन सत्र में सोमवार को किसानों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी करते हुए विधान परिषद से बहिर्गमन किया। इससे पूर्व नियम 105 के अन्तर्गत किसानों का मुद्दा उठाते हुए नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने कहा कि आलू किसान परेशान हैं। धान की खरीद में बिचौलिए हावी हैं। उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने एवं किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का वादा किया था। किसानों की आमदनी तो बढ़ी नहीं बल्कि उनकी तकलीफें और बढ़ गयी।

समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य मुकुल यादव ने कहा कि आज किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। किसानों की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। आलू किसान परेशान हैं। आलू की कीमत का निर्धारण प्रदेश सरकार ने नहीं किया है। इसलिए आलू किसान बर्बादी की कगार पर है। किसानों को यूरिया नहीं मिल पा रही है। खाद की आपूर्ति होनी चाहिए। बीज की व्यवस्था बिचौलियों के हाथों में पहुंच गयी है।

डा. मानसिंह यादव ने कहा कि सहकारी समितियों पर खाद या तो समय पर उपलब्ध नहीं होती या फिर सीमित मात्रा में दी जाती है। इस कड़ाके की ठण्ड में किसान खाद के लिए लाइन लगा रहा है। खाद के लिए किसानों को लाठियां खानी पड़ रही है। समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप ने कहा कि हरियाणा में 420 रूपये प्रति कुन्तल गन्ना बिक रहा है। हरियाणा से उत्तर प्रदेश के गन्ने में डेढ़ प्रतिशत चीनी की रिकवरी अधिक है फिर भी वहां से कम रेट पर यूपी में गन्ना खरीद हो रही है। यह असमानता क्यों है। उन्होंने कहा कि खेत में पराली जलाने पर किसानों पर मुकदमे हो रहे हैं। अन्नदाता किसानों की कोई पूछ नहीं है। बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं। बिजली का तार गिरने से फसल जल रही है। किसानों को इसका मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों के सामने छुट्टा जानवर की समस्या है। पूरा का पूरा खेत जानवर साफ कर जाते हैं। पशुओं के हमलों से किसानों की मृत्यु हो रही है। सरकार इस पर ध्यान दे।

सपा के सदस्यों ने किसानों से जुड़े मुद्दे पर सदन की कार्यवाही रोककर चर्चा कराये जाने की मांग की। इस पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सपा के सदस्य 2017 के समय की बात कर रहे हैं। 2017 के बाद बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। किसान आज खुशहाल है। बड़ी संख्या में किसान उन्नत खेती कर रहे हैं। कृषि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट सपा के सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की। किसान विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी नहीं चलेगी नारे लगाते हुए सपा सदस्यों ने बहिर्गमन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story